महिला और युवा प्रकोष्ठ ने मिलकर बनाई प्रदेशव्यापी सशक्तिकरण की रणनीति, मार्च 2026 में तीन लाख लोगों की ऐतिहासिक रैली का लक्ष्य
लखनऊ। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) उत्तर प्रदेश का महिला प्रकोष्ठ आगामी 6 दिसंबर को परम श्रद्धेय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा साहेब द्वारा महिला अधिकारों और समानता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुँचाना तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय को सशक्त बनाने के लिए नई रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा।पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने हजरतगंज स्थित प्रदेश कार्यालय में महिला प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने महिलाओं के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने संविधान में महिलाओं को समानता, सम्मान और न्याय का अधिकार दिलाया। बाबा साहेब ने हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति, तलाक और पुनर्विवाह जैसे अधिकार दिए। उनका मानना था कि किसी भी समाज की प्रगति इस बात से तय होती है कि वहां की महिलाएं कितनी शिक्षित और आत्मनिर्भर हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता को सबसे बड़ी ताकत बताया।महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शानू मल्ल कौशल ने कहा कि बाबा साहेब की पुण्यतिथि को समर्पित यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि महिला प्रकोष्ठ की टीम पूरे प्रदेश में भ्रमण कर महिलाओं को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजनाओं की जानकारी देगी और उन्हें इन योजनाओं से लाभान्वित करने में मदद करेगी। साथ ही, महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और शोषण के खिलाफ प्रभावी रूप से आवाज बुलंद की जाएगी।इसी क्रम में आरपीआई (आठवले) के युवा प्रकोष्ठ की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि युवा प्रकोष्ठ हर जिले में युवाओं को जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने बताया कि 29 मार्च 2026 को लखनऊ में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की एक ऐतिहासिक रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें पूरे प्रदेश से लगभग तीन लाख लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि 10 नवंबर से संगठन विस्तार अभियान को नई गति दी जाएगी। इस दौरान प्रत्येक मंडल में विशेष बैठकें, सदस्यता अभियान, पदाधिकारी सम्मेलन और कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जन-जागरण यात्रा, सामाजिक न्याय पदयात्रा और दलित-बहुजन संवाद अभियान के माध्यम से पार्टी का संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक न्याय और समानता का विचार पहुँचे।बैठक में महिला प्रकोष्ठ से कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शानू मल्ल कौशल, प्रदेश उपाध्यक्ष अंजुल चौधरी, रुचि शुक्ला, सदस्य नसीमा कुरैशी, नारायणी श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव सुमन जायसवाल, महानगर उपाध्यक्ष गीता शर्मा और आरती कनौजिया उपस्थित रहीं। युवा प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिनव सिंघल, प्रदेश महामंत्री सचिन प्रताप सिंह, प्रभारी अनुराग सिंह, जिलाध्यक्ष सुभाष गौड़, शिवानंद वाल्मीकि, अभिनंदन सिंह यादव, अकबर अली, हारून, तौसीफ, खुर्शीद और भूरा सहित अनेक युवा पदाधिकारी शामिल हुए।

0 टिप्पणियाँ