डाला छठ पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
![]() |
छठ पर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटी भीड़ |
प्रयागराज। डाला छठ पर्व पर सोमवार की शाम झूंसी के गंगा घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। झूंसी के तीन घटों पर डाला छठ का पूजन किया गया। इससे पहले छठ महापर्व के दूसरे दिन रविवार को सिद्धयोग व रवियोग के युग्म संयोग में खरना के पूजा के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया था। खीर और रोटी का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती दो दिनों के लिए भगवान भास्कर के भक्ति में लीन हो गए हैं। सोमवार को कार्तिक शुक्ल पष्ठी को शुभकारी सर्वार्थसिद्धि योग व रवियोग में अस्ताचलगामी सूर्य देवता को पहला अर्घ्य दिया गया। शाम को अर्थ का शुभ मुहूर्त शाम पांच बजे के बाद था।
प्रात:कालीन अर्घ्य का शुभ समय छह बजे के बाद से है। झूंसी में छतनाग गंगा घाट, नागेश्वर और सोहम आश्रम के सामने गंगा घाट सोमवार को व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। गंगा घाटों पर दोपहर तकरीबन ढाई बजे से ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन पूजन के लिए जुटने लगे थे। तकरीबन एक घंटे बाद शाम चार बजे इन गंगा घाटों पर तिल रखने की भी जगह नहीं थी। व्रती महिलाओं ने कमर भारी पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। झूंसी के छठ घाटों के आसपास रंग-बिरंगी रोशनी भी लगाई गई थी। गंगा नदी के किनारे बैरिकेडिंग भी की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल को भी तैनात किया गया था।
दउरा सिर पर उठा छठी मैया के जयकारे लगाते हुए घाटों पर पहुंचे। वहीं केलवा के पात पर उगलेन सूरजमल जैसी मनोहर गीतों से छठ घाट गुंजायमान होते रहे।
महिलाओं ने श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर विधि विधान से छठी मैया की पूजा अर्चना की। महिलाओं ने पुत्र और पति के दीर्घायु होने के लिए बरदान मांगा। देश कल्याण के लिए कामना की। नगर पंचायत कोरांव समेत तहसील क्षेत्र के कई गांवों में छठ महापर्व की धूम देखी गई। कोरांव बाजार के अटल सरोवर, गांधी चौराहा नहर समेत सभी घाटों को भव्य तरीके से सजाया गया था। घाटों के चारों तरफ पंडाल, लाउडस्पीकर और रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया था।
घाटों पर साफ सफाई पेयजल के विशेष इंतजाम किए गए थे। वही छठ पूजा देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। इसी तरह बिकास खंड के पथरताल अतरी सिकमी में नहर पर बने छठ घाट को पंडाल लगाकर सजाया गया था। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के लोग भी भारी संख्या में मौजूद रहे। इंतजाम की देखरेख के लिए नगर पंचायत के अध्यक्ष ओमप्रकाश, पूर्व नगर अध्यक्ष नरसिंह कुमार केसरी, पूर्व ब्लाक प्रमुख राम अवध कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख मुकेश कोल, क्षेत्रीय विधायक राजमणि कोल, प्रधान प्रतिनिधि प्रशांत पांडे, पूर्व प्रधान राजू चौबे समेत जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम कोरांव संदीप तिवारी, अधिशासी अधिकारी अमित कुमार,तहसीलदार विनय कुमार बरनवाल, थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय दल बल के साथ भ्रमण करते देखे गए।

0 टिप्पणियाँ